10वीं के बाद क्या करें क्या नहीं? यहां मिलेगा हर सवाल का जवाब

10वीं के बाद क्या करें क्या नहीं? यहां मिलेगा हर सवाल का जवाब

इस समय पूरे देश में परीक्षा का माहौल है। ऐसे में छात्र-छात्राओं पर काफी दबाव है। वे शानदार नतीजे हासिल करने के लिए पूरा जोर लगा रहे हैं। स्टूडेंट लाइफ में यूं तो हर क्लास अहम होती है, लेकिन 10वीं कक्षा (सैकंडरी) को करिअर के निर्धारण में अहम पड़ाव माना जाता है। इसकी परीक्षा देने के बाद आने वाले परिणाम से तय होता है कि वि‌द्यार्थी किस दिशा में आगे बढ़ेगा। उनके पैरेंट्स भी भविष्य को लेकर काफी चिंतित रहते हैं। उन्हें जानना होगा कि वे लंबी पढ़ाई करना चाहते हैं या जल्दी नौकरी। कुछ समय पर सबके सामने रिजल्ट होगा और आगे के लिए जद्दोजहद शुरू हो जाएगी। 10वीं के बाद क्या करना है, यह काफी हद तक बच्चों की रुचि, क्षमता और लक्ष्य पर निर्भर करता है। रुचि के हिसाब से देखना होगा कि उन्हें क्या पसंद है जैसे कि टेक्निकल, क्रिएटिव या मैनेजमेंट क्षेत्र। क्षमता की बात करें तो विश्लेषण करें कि आप किस विषय में अच्छे हैं? बहुत से बच्चे और अभिभावक लक्ष्य को लेकर काफी सजग होते हैं और पहले से ही सोच लेते हैं कि उन्हें क्या बनना पसंद है। हमारी सलाह है कि आप इस जगह पर अपने सीनियर्स और करिअर काउंसलर से बेझिझक बात करें। इस मामले में हम भी कुछ जानकारी साझा कर आपका मार्गदर्शन करने जा रहे हैं। हम आपको बताते हैं कि किस स्ट्रीम का चयन करने पर क्या-क्या स्कोप है :-

Science (विज्ञान)

अगर आपको गणित, जीव विज्ञान या टेक्नोलॉजी पसंद है तो फीजिक्स, कैमेस्ट्री के साथ मैथ्स या बायोलोजी विषय चुने जा सकते हैं। इसके बाद इंजीनियर (B.Tech), डॉक्टर (MBBS), फार्मेसी, नर्सिंग, रिसर्च, डिफेंस, IT में करिअर बनाया जा सकता है।

Commerce (वाणिज्य)

अगर आपको बिजनेस, अकाउंट्स, बैंकिंग सबजेक्ट अच्छे लगते हैं तो यह स्ट्रीम चुनना परफेक्ट रहेगा। इसके जरिये आप CA (Chartered Accountant), CS (Company Secretary), बैंकिंग, फाइनेंस, B.Com, MBA की ओर कदम बढ़ा सकते हैं।

Arts/Humanities (कला)

अगर आपको इतिहास, राजनीति, समाज, भूगोल, अर्थशास्त्र, भाषा जैसे विषय से खास लगाव हो तो इस स्ट्रीम का चयन सही होगा। इसे चुनने वाले स्टूडेंट्स आम तौर पर UPSC, SSC जैसी सरकारी नौकरी की तैयारी करते हैं। साथ ही वकालत (LLB), एजुकेशन, पत्रकारिता सहित कई दूसरे क्षेत्रों में भी किस्मत आजमाना पसंद करते हैं।

इसके अलावा कुछ और रास्ते हैं जिन पर चलकर मंजिल हासिल की जा सकती है :-

Polytechnic/Diploma (3 साल का कोर्स) मैकेनिकल, सिविल, इलेक्ट्रिकल, कंप्यूटर इंजीनियरिंग की जा सकती है। इसके बाद आप सीधे नौकरी के लिए पात्र हैं। साथ ही B.Tech (लेटरल एंट्री) भी कर सकते हैं।

ITI (Industrial Training Institute): इलेक्ट्रिशियन, फिटर, वेल्डर, प्लंबर आदि के लिए 6 महीने से 2 साल तक के कोर्स है। इसमें जल्दी स्किल सीखकर नौकरी पा सकते हैं।

Skill Based Courses: इसमें भी आपकी रुचि के अनुसार कई कोर्स हैं। इनमें मुख्य रूप से ग्राफिक डिजाइनिंग, वेब डवलपमेंट, डिजिटल मार्केटिंग, एनिमेशन, होटल मैनजमेंट शुमार हैं।

सरकारी नौकरी की तैयारी कई बच्चों का लक्ष्य सरकारी नौकरी होता है। ऐसे में वे SSC, पुलिस, आर्मी, रेलवे जैसे सेक्टर में अपना भाग्य आजमा सकते हैं।