SOG का बड़ा एक्शन, सुनील बिश्नोई को किया गिरफ्तार, अब होंगे खुलासे

राजस्थान में भर्ती परीक्षाओं में फर्जीवाड़े के खिलाफ कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में स्पेशल ऑपरेशन्स ग्रुप ( SOG ) ने वरिष्ठ अध्यापक भर्ती परीक्षा-2022 से जुड़े डमी परीक्षार्थी मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी सुनील बिश्नोई को गिरफ्तार किया है। अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस विशाल बंसल ने बताया कि आरोपी पिछले दो वर्षों से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी के लिए इनाम घोषित किया गया था। 

29 जनवरी को फिर से आयोजित हुई थी परीक्षा

जानकारी के अनुसार राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा 24 दिसंबर 2022 को वरिष्ठ अध्यापक (द्वितीय श्रेणी) प्रतियोगी परीक्षा आयोजित की गई थी। सामान्य ज्ञान एवं शैक्षिक मनोविज्ञान का पेपर लीक होने के कारण परीक्षा निरस्त कर 29 जनवरी 2023 को पुनः आयोजित की गई। जांच में सामने आया कि मूल अभ्यर्थी सम्पतलाल माली ने परीक्षा स्वयं नहीं दी, बल्कि उसकी जगह डमी परीक्षार्थियों को बैठाया गया।

डमी बनकर सुनील बिश्नोई ने दी थी परीक्षा

29 जनवरी 2023 को उदयपुर के राजकीय गुरु गोविंद सिंह उच्च माध्यमिक विद्यालय, चेतक सर्किल स्थित परीक्षा केंद्र पर सामान्य ज्ञान एवं शैक्षिक मनोविज्ञान विषय की परीक्षा में सुनील बिश्नोई ने डमी अभ्यर्थी बनकर परीक्षा दी। इसके अलावा विज्ञान विषय की परीक्षा में शामिल दूसरे डमी परीक्षार्थी की तलाश अभी भी जारी है

सम्पतलाल माली का हो गया था भर्ती में चयन

जांच में यह भी सामने आया कि डमी परीक्षार्थियों की मदद से परीक्षा उत्तीर्ण कर सम्पतलाल माली का वरिष्ठ अध्यापक (विज्ञान विषय) पद पर चयन हो गया था। हालांकि राजस्थान लोक सेवा आयोग में शिकायत दर्ज होने के कारण नियुक्ति पत्र जारी नहीं किया गया। बाद में इस मामले में सम्पतलाल माली को 13 जनवरी 2026 को गिरफ्तार कर लिया गया था

मामला दर्ज, अब हो रही पूछताछ

एसओजी ने बताया कि सुनील बिश्नोई के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है। जांच अधिकारी द्वारा उससे मध्यस्थों और अन्य संलिप्त आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि भर्ती परीक्षाओं में अनियमितता करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी और पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा